हिमाचल दस्तक। पधर
मंडी लोकसभा में हुए उपचुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक बयान को लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेता कौल सिंह ठाकुर और भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल सिंह चर्चा में रहे।
कौल सिंह ने भाजपा प्रत्याशी को चुनौती दी थी कि वह अपने होम बूथ नगवाईं से भी लीड नहीं ले पाएंगे। ऐसा हुआ तो कौल राजनीति से संन्यास ले लेंगे। परिणाम चौंकाने वाले सामने आए हैं।
भाजपा प्रत्याशी के गृह बूथ और पंचायत से चुनाव परिणाम आंकड़े चौकाने वाले आए हैं। होम बूथ से भाजपा प्रत्याशी को 269 मत मिले, वहीं कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को 265 मत प्राप्त हुए। चार वोट नोटा में पड़े, जिससे हिसाब बराबर का दिख रहा है।
अगर नोटा वोट की गिनती नहीं की जाए तो यहां से भाजपा प्रत्याशी को चार वोटों की बढ़त मिली है। नगवाईं पंचायत के वार्ड 2 से 348 और 306 मत प्राप्त हुए।
यहां भी नोटा को 4 मत पड़े। नगवाईं के 3 नंबर दोनों बूथों में अन्य पंचायतों का भी हिस्सा पड़ता है, यहां भाजपा प्रत्याशी की संतोषजनक स्थिति रही है।
हालांकि नगवाईं बूथ एक से भाजपा प्रत्याशी को 42 वोटों की बढ़त मिली है जबकि बूथ 2 से 4 वोटों की बढ़त मिली है। अब देखना यह है कि कांग्रेस के दिग्गज नेता कौल सिंह ठाकुर सच मे राजनीति से संन्यास लेंगे या नहीं।