हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला : सोलन जिला भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष आशुतोष वैद्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं सहित मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट की। मुख्यमंत्री ने नई जिम्मेदारी मिलने पर आशुतोष वैद्य को बधाई दी और आशा जताई कि उनके नेतृत्व में सोलन जिला में भाजपा और मजबूत होकर उभरेगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रदेश में पार्टी का आधार मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश आज सुरक्षित हाथों में है और इसी वजह से भारत ने विश्व गुरु की अपनी पहचान वापस पाई है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में भाजपा सरकार होने के कारण हिमाचल को बहुत लाभ मिला है।
इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, भाजपा सचिव रतनपाल सिंह, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सैनी, खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरषोतम गुलेरिया और सोलन जिला भाजपा के राजेश कश्यप, केएल ठाकुर, पवन गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।