अनूप शर्मा। बिलासपुर
पूर्व वन मंत्री एवं नयनादेवी हलके के विधायक रामलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 26 फरवरी से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में प्रदेश भाजपा सरकार को लोकहित के मुद्दों पर घेरेगी।
वह बिलासपुर के सर्किट हाउस में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। ठाकुर ने कहा कि एक ओर प्रदेश भाजपा सरकार कोविड-19 से निपटने के लिए बड़े-बड़े दावे कर रही है, तो दूसरी ओर प्रदेश में आज भी स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी विधायक 26 फरवरी से शुरू होने वाले विधान सभा सत्र में प्रदेश सरकार से कोविडकाल के दौरान यह जानने का प्रयास करेगी कि प्रदेश भर के जिला अस्पताल व क्षेत्रीय अस्पतालों तथा राज्य के बड़े अस्पतालों टांडा व आईजीएमसी को कितने कितने वैंटीलेटर दिए गए तथा कितने डॉक्टर तथा पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किया गया और कितना खर्च किया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोविडकाल में स्वास्थ्य सेवाएं इतनी अधिक बेहाल थीं कि प्रदेश सरकार द्वारा सुंदरनगर तथा आईजीएमसी जो भी कोविड मरीज भर्ती होता था, उसमें कुप्रबंध के कारण कुछ लोगों की मौतें हुई हैं। कांग्रेसी विधायक इस मुद्दे पर भी सरकार से जवाब मांगेंगे।
उन्होंने कहा कि अभी हाल में महाराष्ट्र व अन्य राज्यों में फिर से कोविड के मामले आने शुरू हो गए हैं। उससे निपटने के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार को मिशन रिपीट का मियादी बुखार हो गया है, जिसका इलाज आने वाले 2022 के चुनावों में प्रदेश की जनता करेगी। उन्होंने प्रदेश व केंद्र की मोदी सरकार पर महंगाई को रोकने में असफल रहने का भी आरोप लगाया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस महासचिव संदीप सांख्यान भी मौजूद रहे।